Summer express, भिवानी। हरियाणा के भिवानी जिले स्थित देवराला के जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्रावास में 10वीं कक्षा के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्र का शव देर रात हॉस्टल परिसर में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद विद्यालय परिसर और परिजनों में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गांव धनाना निवासी दीपांशु के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैरू पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला नागरिक अस्पताल भिवानी रेफर किया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, तोशाम थाना पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।