Summer express, बलिंदर कुमार, कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 19.5 क्विंटल डोडा पोस्त बरामद किया है। इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपियों से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश से पंजाब की ओर भारी मात्रा में डोडा पोस्त की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर कैथल पुलिस की एसडीयू (SDU) टीम ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध ट्रक को रोक लिया। जांच के दौरान ट्रक से भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्करी के दौरान ट्रक को सुरक्षित निकालने के लिए एक निजी पायलट वाहन भी आगे चल रहा था, जो रास्ते की निगरानी कर रहा था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं तथा यह खेप किन स्थानों तक पहुंचाई जानी थी।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही कलायत के डीएसपी रोहताश जांगड़ा भी मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
जांच अधिकारी तरसेम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ की यह खेप किसके कहने पर लाई जा रही थी और इसके पीछे सक्रिय पूरे गिरोह का नेटवर्क क्या है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।