Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के अवाहदेवी क्षेत्र में शादी का झांसा देकर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक परिवार ने वैवाहिक संबंध तय करने के बाद दूल्हा पक्ष से करीब 18 लाख रुपये और लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण हासिल कर लिए। शादी की तय तारीख से पहले ही आरोपी परिवार अचानक संपर्क से बाहर हो गया, जिसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच रिश्ता तय होने के बाद रिंग सेरेमनी भी आयोजित की गई थी। इस दौरान दूल्हा पक्ष ने दुल्हन को सोने के गहने और महंगे उपहार भेंट किए। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने व्यापार में निवेश, पारिवारिक जरूरतों और अन्य आर्थिक कारणों का हवाला देते हुए समय-समय पर गूगल पे के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में करीब 18 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए।पीड़ित परिवार का कहना है कि शादी 12 जुलाई को होनी तय थी। जब वे विवाह समारोह की तैयारियों के लिए निर्धारित मैरिज पैलेस पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके नाम से वहां कोई बुकिंग ही नहीं कराई गई थी। इस पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने दुल्हन पक्ष से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन बंद मिला और परिवार पूरी तरह से गायब हो चुका था।घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस चौकी अवाहदेवी में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ऑनलाइन लेन-देन और संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि विवाह संबंध तय करने से पहले संबंधित परिवार की पूरी जानकारी और पहचान का सत्यापन अवश्य करें। इसके अलावा किसी भी व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा कर बड़ी धनराशि या कीमती सामान देने से बचें, ताकि इस प्रकार की धोखाधड़ी से सुरक्षित रहा जा सके।