Summer express सोनीपत (राई)| राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर राई फ्लाईओवर के समीप बुधवार को हुए सड़क हादसे में कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप वैन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना पानीपत से दिल्ली जाने वाली लेन पर हुई। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के आरके पुरम सेक्टर-6 निवासी ओमप्रकाश अपने आइशर कैंटर में पानीपत से दरी और कंबल लेकर दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान राई फ्लाईओवर के पास आगे चल रही पिकअप वैन के चालक ने कथित रूप से अचानक ब्रेक लगा दिए। अचानक ब्रेक लगने से पीछे आ रहा कैंटर संतुलन खो बैठा और सीधे पिकअप से जा टकराया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर चालक ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना एक राहगीर ने मृतक के मोबाइल फोन से उनके बेटे कुनाल को दी। कुनाल ने अपनी शिकायत में पिकअप चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस दुर्घटना में पिकअप चालक रामलोचन यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
राई थाना पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।