Summer express/बिलासपुर, सुभाष-: विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नैना देवी में आषाढ़ मास शुक्ल पक्ष के गुप्त नवरात्रि बुधवार से श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उत्साह के साथ आरंभ हो गए। प्रातःकाल मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण और विशेष आरती के साथ माता रानी के गुप्त नवरात्रों का शुभारंभ हुआ। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली।गुप्त नवरात्रि के पहले दिन पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु माता श्री नैना देवी के दरबार में पहुंचे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और दर्शन की विशेष व्यवस्था की। भक्तों को सुव्यवस्थित कतारों के माध्यम से माता के दर्शन कराए गए, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से चलती रही।
धार्मिक मान्यता के अनुसार वर्ष में चार नवरात्रि मनाए जाते हैं, जिनमें चैत्र और शारदीय नवरात्रि के साथ दो गुप्त नवरात्रि भी शामिल हैं। गुप्त नवरात्रि को शक्ति साधना, विशेष पूजा-अर्चना, हवन और यज्ञ के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इसी कारण इन नौ दिनों में दूर-दराज़ से श्रद्धालु माता के दरबार में पहुंचकर विशेष अनुष्ठान कराते हैं और देवी का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
मुकेश शर्मा, पुजारी, श्री नैना देवी मंदिर:
“गुप्त नवरात्रि शक्ति साधना का विशेष पर्व है। इन दिनों माता की पूजा, हवन और यज्ञ का विशेष महत्व होता है। जो श्रद्धालु सच्ची श्रद्धा और विधि-विधान से माता की आराधना करते हैं, उन पर माता रानी की विशेष कृपा बनी रहती है। देशभर से श्रद्धालु यहां पहुंचकर माता का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।”