Summer express ,गुरुग्राम , अनुज पांचाल I गुरुग्राम की पहचान रहे किंगडम ऑफ ड्रीम्स (KOD) में बुधवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद दमकल विभाग की पांच गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे फायर कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, किंगडम ऑफ ड्रीम्स पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा हुआ है और परिसर के अंदर कबाड़ व पुराना सामान रखा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई।
फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।
पुलिस और फायर विभाग की टीमें आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हैं। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान और घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा l