Summer express/चंबा/ मंजूर पठान -:पर्यटन नगरी डलहौजी में वन विभाग युवाओं को नशे से दूर रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रहा है। वन मंडल डलहौजी की ओर से विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों में कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है, जहां छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ प्रकृति और वनों के संरक्षण का महत्व भी समझाया जा रहा है। वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन के नेतृत्व में चल रहे इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना है। विभाग ने ‘कैच द यंग’ अभियान के माध्यम से बच्चों को बीजों से पौधे तैयार करने और पौधारोपण के लिए प्रेरित किया है, ताकि आने वाले समय में हरित क्षेत्र का विस्तार हो सके।
वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन ने बताया कि डलहौजी वन मंडल के अंतर्गत आने वाले करीब 400 सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘कैच द यंग’ अभियान के तहत स्कूली बच्चों की सक्रिय भागीदारी से बीजों के माध्यम से पौधे तैयार किए गए हैं, जिन्हें आगामी समय में विभिन्न स्थानों पर लगाया जाएगा। इसके साथ ही वन विभाग ने स्कूल स्तर पर नशामुक्ति अभियान भी शुरू किया है, जिसमें विशेष रूप से चिट्टा और अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया जा रहा है। वन विभाग का मानना है कि यदि युवाओं को सही समय पर जागरूक किया जाए तो उन्हें नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सकता है। विभाग का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ एक स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त युवा समाज का निर्माण करना है।