Summer express/शिमला, संजू -:शिमला के टूटीकंडी वार्ड के निवासियों की वर्षों पुरानी एम्बुलेंस रोड की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। शिमला नगर निगम द्वारा लगभग 1 करोड़ 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित एम्बुलेंस रोड का लोकार्पण कर इसे आम जनता को समर्पित कर दिया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में शिमला शहरी विधायक हरीश जनार्था, महापौर सुरेंद्र चौहान, डिप्टी मेयर उमा कौशल सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को सबसे बड़ी राहत आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के रूप में मिलेगी। अब तक सड़क सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों को स्ट्रेचर के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता था, जिससे गंभीर परिस्थितियों में समय पर उपचार मिलना मुश्किल हो जाता था। कई बार देरी के कारण दुखद घटनाएं भी सामने आई थीं। नई एम्बुलेंस रोड बनने के बाद अब एम्बुलेंस सीधे प्रभावित इलाके तक पहुंच सकेगी, जिससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में आसानी होगी।
डिप्टी मेयर उमा कौशल ने बताया कि यह मांग लंबे समय से लंबित थी, लेकिन संबंधित भूमि कृषि श्रेणी में होने के कारण सड़क निर्माण की प्रक्रिया जटिल थी। आवश्यक औपचारिकताएं और अनुमति मिलने के बाद परियोजना को गति मिली और अब इसे सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए पूर्व शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज द्वारा केंद्र सरकार से जरूरी स्वीकृतियां प्राप्त की गई थीं, जबकि वर्तमान शिमला शहरी विधायक हरीश जनार्था ने सड़क निर्माण के लिए वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया।उन्होंने कहा कि यह सड़क केवल आवागमन को सुगम बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के लोगों के लिए जीवनरक्षक सुविधा भी साबित होगी। अब किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में होने वाली देरी काफी हद तक कम होगी। स्थानीय लोगों ने भी सड़क निर्माण पर खुशी जताते हुए इसे वार्ड के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। नगर निगम का कहना है कि भविष्य में भी जनसुविधाओं से जुड़े ऐसे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।