Summer express/मंडी /धर्मवीर-: सावन महीने के पहले सोमवार पर छोटी काशी मंडी के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह चार बजे जब मंदिरों के कपाट खुले तो उसके साथ ही भक्तों का दर्शनों के लिए तांता लग गया। शहर के सभी शिवालयों में भक्त सुबह से ही कतारों में खड़े होकर दर्शनों के लिए अपनी बारी का इंतजार करते हुए दिखाई दिए। भोले बाबा से आशीवार्द प्राप्त करने के लिए कोई जल चढ़ा रहा था तो कोई फल-फूल, किसी ने विल्व पत्र चढ़ाए तो किसी ने धतूरा अर्पित करके अपने लिए आशीवार्द मांगा। बाबा भूतनाथ मंदिर मंडी के पुजारी महंत देवानंद सरस्वती ने बताया कि सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें दर्शनों के लिए लगी हुई हैं। मंदिर में भक्तों के लिए 5 क्वींटल दूध से बनी खीर को प्रसाद के रूप में बांटा जा रहा है।
वहीं, भक्तों में भी पहले सोमवार को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। शहर का कोई शिवालय ऐसा नहीं था जहां भक्त दर्शनों के लिए न पहुंचे हों। स्थानीय निवासी प्रेम चंद और करण ने बताया कि यह उनका सौभाग्य है कि वह छोटी काशी में रहकर भोले बाबा की शरण में हैं। यहां के शिवालयों की अपनी एक अलग महिमा है। यहां भगवान शिव के ऐसे-ऐसे मंदिर हैं जो दूसरे किसी स्थान पर देखने को नहीं मिलते। बता दें कि बीती 16 जुलाई से सावन महीने की शुरूआत हो गई है और 15 अगस्त को इसकी समाप्ति होगी। इस बार सावन महीने में चार सोमवार आ रहे हैं और सावर महीने के सोमवार को विशेष माना जाता है।