Summer express, चंडीगढ़ | दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के बाद मामले ने अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तूल पकड़ लिया है। हरियाणा के कई कलाकार, खिलाड़ी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने छात्रों के समर्थन में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार से उनकी मांगों पर संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की है।
हरियाणवी कलाकार मुकेश जाजी ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं और उनकी बात सुनी जानी चाहिए। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवाद को सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए सरकार से संवेदनशील रुख अपनाने की अपील की।
फिटनेस इन्फ्लुएंसर और एथलीट अंकित बैंय्यापुरिया ने विदेश से वीडियो संदेश जारी कर छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वह किसी विशेष हैसियत से नहीं, बल्कि एक सामान्य नागरिक के रूप में छात्रों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार में भी पढ़ने वाले बच्चे हैं और युवाओं की भावनाओं को समझना जरूरी है।
गायक हैरी लाठर ने भी छात्रों के समर्थन में बयान देते हुए कहा कि युवाओं के साथ कठोर रवैया अपनाने के बजाय सरकार को बातचीत के जरिए समाधान तलाशना चाहिए। उनका कहना था कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों की बात सुनी जानी चाहिए।
गायक सलमान अली ने कहा कि किसी छात्र का टूटा हुआ सपना केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे देश की क्षति है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए संघर्ष कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग की खबरें चिंताजनक हैं और ऐसे मामलों का समाधान संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ठाकुर कशिश पुंडीर ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि केवल प्रशासनिक बदलाव पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने मांग की कि यदि किसी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्टाचार हुआ है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नवीन जिंदल ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका मानना है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण होना चाहिए और प्रशासन को भी संयम बरतते हुए छात्रों से बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास करना चाहिए।