Summer express/कांगड़ा,राहुल- : कांगड़ा जिले की बोह घाटी में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के बाद धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत करते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदाएं केवल आर्थिक ही नहीं, बल्कि मानसिक और सामाजिक स्तर पर भी गहरा असर छोड़ती हैं। ऐसे कठिन समय में जनप्रतिनिधियों और समाज का दायित्व है कि वे पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े रहें और उनकी हरसंभव सहायता करें।
दौरे के दौरान विधायक ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को अपनी ओर से ₹25-25 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक पात्र परिवार के बैंक खातों में अतिरिक्त ₹25-25 हजार की राशि भी जमा करवाई जाएगी, ताकि वे राहत और पुनर्वास के कार्यों में इसका उपयोग कर सकें।उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित लोगों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से भी राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आग्रह किया।
ग्रामीणों ने विधायक के दौरे और आर्थिक सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि इस कठिन समय में मिला यह सहयोग न केवल आर्थिक मदद है, बल्कि प्रभावित परिवारों के लिए मनोबल बढ़ाने वाला भी है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि सरकार और प्रशासन मिलकर जल्द से जल्द प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए प्रभावी कदम उठाएंगे।