Summer express, पलवल (सुंदर कुंडू)। नेशनल हाईवे-19 पर होडल के हसनपुर चौक फ्लाईओवर के पास देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक बंचारी स्थित जेबीएम कंपनी में काम करते थे और ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कंटेनर भी हाईवे पर पलट गया।
होडल थाना पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मथुरा जिले के कोसीकलां की अग्रवाल कॉलोनी निवासी दीपक और मथुरा जिले के छाता तहसील क्षेत्र के अलवाई गांव निवासी कृष्णकांत के रूप में हुई है। इस संबंध में दीपक के भाई नकुल ने पुलिस को शिकायत दी है। नकुल भी जेबीएम कंपनी में वेल्डर के तौर पर काम करता है।
नकुल ने पुलिस को बताया कि रात में वह अपने छोटे भाई दीपक और दोस्त कृष्णकांत के साथ अलग-अलग बाइकों पर घर लौट रहे थे। कृष्णकांत बाइक चला रहा था और दीपक उसके पीछे बैठा था, जबकि नकुल अपनी बाइक से उनके पीछे चल रहा था। जब वे हसनपुर चौक फ्लाईओवर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए बंद बॉडी कंटेनर ने तेज गति और कथित लापरवाही से वाहन चलाते हुए कृष्णकांत की बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कंटेनर भी अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। पीछे बाइक से आ रहा नकुल हादसे में बाल-बाल बच गया, लेकिन उसकी आंखों के सामने उसके भाई और दोस्त की जान चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही होडल थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एएसआई सतबीर सिंह और सिपाही कृष्ण ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने निजी एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला नागरिक अस्पताल पलवल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपक और कृष्णकांत को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। हादसे के बाद हाईवे पर कंटेनर पलटने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने रात में ही कंटेनर को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
होडल थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। कंटेनर चालक की लापरवाही और हादसे के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।