सुरिंदर सिंह अंकुश। गुरशरण सिंह
समर न्यूज | बलौंगी
बलौंगी के वार्ड नंबर 46 में लोगों को लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड 46 के पार्षद अमन कुमार पासवान ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर नगर निगम से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार बलौंगी, कचरा और आजाद नगर सहित आसपास के इलाकों में कूड़ा डालने के लिए उचित और स्थायी स्थान की व्यवस्था नहीं है। पार्षद का कहना है कि पिछले करीब तीन महीनों से नगर निगम की ओर से इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इसके अलावा क्षेत्र में पानी का प्रेशर बेहद कम होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई इलाकों में सीवरेज की समस्या भी बनी हुई है, जिसके चलते गंदगी और जलभराव जैसी स्थिति पैदा होने की आशंका बनी रहती है। वार्डवासियों की एक प्रमुख मांग सड़कों का निर्माण और मरम्मत भी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़कों के कारण रोजाना आने-जाने में परेशानी होती है और जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य करवाया जाना चाहिए।
वहीं, क्षेत्र में बिजली की समस्या भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। कई जगहों पर बिजली की सप्लाई प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
पार्षद अमन कुमार पासवान ने कहा कि बलौंगी क्षेत्र अभी भी कई मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने नगर निगम से मांग की कि कूड़ा प्रबंधन, पानी, सीवरेज, सड़क और बिजली जैसी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि इन समस्याओं का स्थायी समाधान निकालकर बलौंगी क्षेत्र में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।