बुड्डा दरिया में फेंकने की थी योजना, न्यू शक्ति नगर की गली में शव छोड़कर फरार; 24 वर्षीय हर्ष कुमार गिरफ्तार, मृतक की पहचान अभी नहीं
अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
लुधियाना में पांच दिन पहले बेडशीट में लिपटी मिली युवक की लाश के मामले में पुलिस ने वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान 24 वर्षीय हर्ष कुमार ने युवक के सिर पर ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को बेडशीट में लपेटकर कंधे पर रखा और करीब एक किलोमीटर तक बुड्डा दरिया की तरफ ले गया। आरोपी का इरादा शव को दरिया में फेंकने का था, लेकिन आगे ले जाने में असमर्थ रहने पर उसने न्यू शक्ति नगर की गली में शव छोड़ दिया और फरार हो गया।
पुलिस ने मामले में टिब्बा रोड स्थित मस्जिद वाली गली निवासी हर्ष कुमार को गिरफ्तार किया है। एसीपी इंडस्ट्रियल एरिया-ए इंदरजीत सिंह बोपाराय ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान वारदात से जुड़े कई तथ्य सामने आए हैं। हालांकि मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है।
नशे की हालत में हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, हर्ष कुमार के माता-पिता की मौत हो चुकी है और वह लंबे समय से घर में अकेला रह रहा है। वह नशे का आदी है। करीब तीन दिन पहले उसकी मुलाकात मृतक से हुई थी। मृतक के भी नशे का आदी होने की बात सामने आई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पांच अगस्त को दोनों नशे की हालत में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। गुस्से में हर्ष ने ईंट से युवक पर हमला कर दिया। चोट लगने से युवक की मौत हो गई।