Summer express/ हमीरपुर,अरविंद-:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 12 अगस्त से चार दिवसीय हमीरपुर दौरे पर रहेंगे।मुख्यमंत्री 12 अगस्त की शाम हमीरपुर पहुंचेंगे, जबकि 13, 14 और 15 अगस्त को विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। इस दौरान कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए जाएंगे।उपायुक्त गंधर्व राठौर ने बताया कि मुख्यमंत्री 13 अगस्त को कृषि विभाग की राज्य स्तरीय टेस्टिंग लैबोरेटरी का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद हमीरपुर बस स्टैंड से 35 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल कॉलेज हमीरपुर के वार्षिक समारोह में भी शामिल होंगे। इस दौरान कॉलेज की लाइब्रेरी में नई तकनीकी सुविधाओं और नवनिर्मित लैब का उद्घाटन किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से सैनिक स्कूल सुजानपुर के हॉस्टल, डिग्री कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल तथा डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के मोर्चरी हाउस का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह डिग्री कॉलेज के वार्षिक समारोह में भाग लेंगे।14 अगस्त को मुख्यमंत्री क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वहीं, 15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़सर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करेंगे।मुख्यमंत्री के दौरे और स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।