Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: बेहतर कार्यप्रणाली और प्रभावी नेतृत्व के लिए हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह को फेम इंडिया और एशिया पोस्ट के सर्वेक्षण में देश के शीर्ष 100 पुलिस अधीक्षकों में स्थान मिला है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस पहचान को एसपी ने पुलिस विभाग के साथ-साथ जनता के सहयोग का परिणाम बताया।सम्मान मिलने पर एसपी बलबीर सिंह ने कहा कि इस तरह के पुरस्कार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को समाज के लिए और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी उपलब्धि को अकेले हासिल करना संभव नहीं होता। इसके पीछे पूरी पुलिस टीम की मेहनत, समर्पण और जनता का सहयोग महत्वपूर्ण रहता है। उन्होंने इस सम्मान के लिए फेम इंडिया और एशिया पोस्ट का आभार जताया।
एसपी ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता को बेहतर सुरक्षा और सेवा उपलब्ध कराना है। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, लोगों की समस्याओं का समाधान करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण तैयार किया जा सकता है।गौरतलब है कि हमीरपुर पुलिस ने जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की है। संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने, नशे के नेटवर्क को चिन्हित कर उसे तोड़ने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया है।फेम इंडिया और एशिया पोस्ट के सर्वेक्षण में पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, कार्यशैली और प्रशासनिक दक्षता सहित विभिन्न पहलुओं का मूल्यांकन किया गया। इन्हीं मानकों के आधार पर देशभर के उत्कृष्ट पुलिस अधीक्षकों में एसपी बलबीर सिंह का चयन किया गया।