Summer express, भुवनेश्वर | ओडिशा के नयागढ़ जिले में मंगलवार तड़के एक यात्री बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क से नीचे धान के खेत में जा गिरी। हादसे में बस में सवार करीब 30 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना नयागढ़ बाईपास पर रात करीब दो बजे हुई। पुलिस के अनुसार, चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहने के कारण यह हादसा हुआ।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बस में करीब 40 यात्री सवार थे और यह बस कंधमाल जिले के दारिंगबाड़ी से भुवनेश्वर जा रही थी। नयागढ़ बाईपास पर पहुंचने के दौरान बस पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सड़क से करीब 20 फीट नीचे जाकर धान के खेत में पलट गई।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने किसी तरह बस का आगे का शीशा तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सभी घायलों को तत्काल नयागढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, अधिकांश घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। वहीं, दो यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए भुवनेश्वर रेफर किया गया है।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस के चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।