Summer express/मंडी, धर्मवीर-: मंडी शहर के विक्टोरिया पुल के साथ बने नए पुल के पास दरकती पहाड़ी को अब और मजबूती देने का कार्य किया गया है। मंडी जिला प्रशासन के निर्देशों पर एनएचएआई ने गावर कंस्ट्रक्शन लिमिटेड और भारत कंस्ट्रक्शन के माध्यम से इस कार्य को करवाया है। बता दें कि गत वर्ष यहां पहाड़ी का एक हिस्सा दरक गया था। उसके बाद यहां एक डंगा तो लगा दिया गया था लेकिन पहाड़ी के उपर एक बड़ी चट्टान के गिरने का खतरा बना हुआ था। अब इसकी रोकथाम के लिए प्रयास किए गए हैं।
एनएचएआई ने गावर और भारत कंपनियों के माध्यम से करवाया कार्य
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरूण चारी और गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी के जीएम विकास नागर ने बताया कि यहां पर हिल स्लोप प्रोटेक्शन तकनीक का इस्तेमाल करते हुए पहले निर्धारित स्थान तक सुरक्षा दीवार लगाई गई जिसके बाद पहाड़ी के बाकी हिस्से पर हाई टैंशिल मैश लगाकर कंकरीट से शॉर्टकिट करके कवर कर दिया गया है। अब यह पहाड़ी पहले के मुकाबले और अधिक सुरक्षित हो गई है। उन्होंने बताया कि इस तकनीक को टनल निर्माण के दौरान उसके मुहाने या अन्य वर्टिकल स्थानों पर सुरक्षा के लिए ही इस्तेमाल किया जाता है। इस कार्य के लिए शॉर्टकिट मशीन विशेष रूप से यहां लाई गई थी ताकि इस कार्य को पूरी गुणवत्ता के साथ किया जा सके।