Summer express पटियाला। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण घग्गर दरिया का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। पटियाला के घनौर क्षेत्र में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। बुधवार तड़के करीब तीन बजे से जलस्तर में तेजी से वृद्धि दर्ज की गई। शमशपुर गांव के पास घग्गर के ओवरफ्लो होने के कारण उंटसर-लोहसिंबली मार्ग पर करीब साढ़े तीन फीट पानी जमा हो गया है।
सड़क पर पानी का बहाव तेज होने के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के कई ग्रामीण रोजाना काम और मजदूरी के लिए अंबाला शहर जाते हैं। ऐसे में सड़क पर पानी भरने से उनकी रोजमर्रा की आवाजाही भी मुश्किल हो गई है।
ग्रामीणों जसवंत सिंह, तरलोचन सिंह, रणजीत सिंह और दलविंदर सिंह के अनुसार, बारिश के मौसम में इस इलाके में जलभराव की समस्या हर साल सामने आती है। उनका कहना है कि प्रशासन और सरकार की ओर से स्थायी समाधान का भरोसा कई बार दिया गया, लेकिन समस्या अब तक बनी हुई है। ग्रामीणों ने पानी की निकासी और सुरक्षित आवागमन के लिए संबंधित स्थान पर पुलिया बनाने की मांग भी उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल घग्गर का जलस्तर बढ़ने पर बड़ी मात्रा में कृषि क्षेत्र पानी की चपेट में आ जाता है। इस बार भी करीब 200 एकड़ फसल पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। यदि नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता रहा तो आसपास के और खेतों में पानी भरने से फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।
बुधवार सुबह पानी के तेज बहाव के बीच एक वाहन भी सड़क पर फंस गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने मिलकर प्रयास किया और वाहन को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घग्गर के जलस्तर की लगातार निगरानी की जाए और प्रभावित मार्ग पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
ग्रामीणों ने कहा कि हर साल बारिश के दौरान उत्पन्न होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से जल निकासी की उचित व्यवस्था करने और पुलिया का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में सड़क संपर्क बाधित न हो और किसानों की फसलों को भी जलभराव से बचाया जा सके।