summer express ,अंकुर कपूर , अंबाला। अंबाला छावनी में आधुनिक सुविधाओं से लैस अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर जल्द ही लोगों के लिए एक बड़े कॉमर्शियल हब के रूप में विकसित होने जा रहा है। करीब 3.97 एकड़ क्षेत्र में तैयार किए जा रहे इस प्रोजेक्ट में बैंकिंग, शॉपिंग, खान-पान और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। प्रोजेक्ट के पहले चरण का करीब 101 करोड़ रुपये का काम पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण के लिए 53 करोड़ रुपये का टेंडर भी अलॉट कर दिया गया है।
पहले चरण में तीन मंजिला इमारत तैयार की गई है, जिसमें 44 शोरूम बनाए गए हैं। इन शोरूम की जल्द ही नगर परिषद अंबाला सदर की ओर से ई-ऑक्शन की जाएगी। इमारत में 317 से अधिक वाहनों की पार्किंग, चार लिफ्ट, सीसीटीवी कैमरे, फायर अलार्म और एयर कंडीशनिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
दूसरे चरण के तहत बनने वाली नई इमारत में कुल 54 शोरूम तैयार किए जाएंगे। इनमें पहले फ्लोर पर 17, दूसरे फ्लोर पर 17 और तीसरे फ्लोर पर 20 शोरूम होंगे। दोनों इमारतों को मिलाकर बैंक स्क्वेयर में कुल 98 शोरूम उपलब्ध होंगे।
प्रोजेक्ट की सबसे खास सुविधाओं में करीब 450 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम और रूफटॉप फूड कोर्ट शामिल है। नई इमारत में लिफ्ट, एस्केलेटर, एचवीएसी और आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
ऊर्जा मंत्री अनिल विज इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उनका कहना है कि अलग-अलग स्थानों पर संचालित बैंकों को एक ही परिसर में लाने से लोगों को बैंकिंग सेवाएं हासिल करने में सुविधा होगी। साथ ही, मुख्य बाजारों में वाहनों और लोगों की आवाजाही का दबाव भी कम करने में मदद मिलेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अटल मॉल एंड बैंक स्क्वेयर के पूरा होने से अंबाला छावनी के बाजारों को नई पहचान मिल सकती है। प्रोजेक्ट के पूरी तरह तैयार होने के बाद यह क्षेत्र खरीदारी, बैंकिंग, मनोरंजन और खान-पान के आधुनिक केंद्र के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।