Summer express , सिरसा। शहर के सर्कुलर रोड स्थित एक कपड़ा शोरूम में हरियाणा पुलिस की वर्दी पहनकर विज्ञापन वीडियो शूट करने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस शोरूम संचालक को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए जांच में शामिल करेगी। उससे यह जानकारी ली जाएगी कि वीडियो किसके कहने पर बनवाया गया, शूटिंग में कौन-कौन लोग शामिल थे और इसे किन-किन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया।
सिटी थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि जांच के शुरुआती चरण में उन दो लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जिन्होंने किसी सरकारी पद पर न होते हुए हरियाणा पुलिस की वर्दी पहनकर वीडियो में पुलिसकर्मियों की भूमिका निभाई। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। इसके बाद वीडियो की शूटिंग, एडिटिंग और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
पुलिस यह भी पता लगाएगी कि वीडियो में इस्तेमाल की गई पुलिस की वर्दी कहां से खरीदी या हासिल की गई थी। वर्दी उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की भूमिका सामने आने पर उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। मामले की जांच में साइबर सेल की मदद ली जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने और उसे अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर करने वाले लोगों की पहचान करेगी। यदि किसी ने वीडियो को डिलीट कर दिया है तो साइबर सेल की तकनीकी मदद से उससे संबंधित डेटा रिकवर करने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, यह वीडियो शहर में हाल ही में शुरू हुए ब्रांडेड कपड़ों के शोरूम की मार्केटिंग के लिए तैयार कराया गया था। वीडियो में एक युवक को कपड़े चोरी करने वाला दिखाया गया। इसके बाद कुछ लोग उसे पकड़ते हैं और दो व्यक्ति हरियाणा पुलिस की वर्दी पहनकर वहां पहुंचते हैं। दोनों कथित चोर को पकड़कर शोरूम के अंदर ले जाते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो को कुछ यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स ने अपने प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया और मामला विवादों में आ गया।
पुलिस के मुताबिक, गुप्तचर विभाग में तैनात कर्मचारी वीरेंद्र सिंह ने मामले की शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा, जिसमें सर्कुलर रोड स्थित डे बैक (फैक्ट्री आउटलेट) कपड़ा शोरूम में दो व्यक्ति हरियाणा पुलिस की वर्दी पहने नजर आए। दोनों एक युवक को चोर बताते हुए धक्के देकर शोरूम के अंदर ले जा रहे थे। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पुलिस की वर्दी का इस्तेमाल कर लोगों को गुमराह किया गया और इससे पुलिस विभाग की छवि प्रभावित हुई।
मामला एसपी दीपक सहारन के संज्ञान में आने के बाद पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सिटी थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि व्यापार और प्रचार-प्रसार बढ़ाने के लिए ऐसे तरीकों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए, जिनसे समाज को गलत संदेश जाए या कानून-व्यवस्था पर असर पड़े। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस वीडियो में पुलिस की वर्दी पहनकर अभिनय करने वाले दोनों लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ-साथ वीडियो बनाने, एडिट करने और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।