Summer express, करनाल। शहर में बुधवार तड़के सैर के लिए निकले तीन लोगों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा अंबेडकर चौक स्थित वीआईपी रोड पर हुआ। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीसरा व्यक्ति बाल-बाल बच गया।
प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के दोस्त गुरप्रीत सिंह ने बताया कि वह रोजाना की तरह दो अन्य साथियों के साथ साइकिल से सुबह की सैर पर निकले थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात वाहन ने नरेश शर्मा और राजकुमार को टक्कर मार दी। गुरप्रीत के अनुसार वाहन टाटा 407 या छोटे हाथी जैसा दिखाई दे रहा था। टक्कर के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल नरेश शर्मा की मौत हो गई। वह रिटायर्ड शिक्षक थे और कर्म सिंह कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। घायल राजकुमार को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
जांच अधिकारी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को सड़क हादसे की सूचना मिली थी। हादसे में नरेश शर्मा की मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे की वास्तविक स्थिति और वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। जांच के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।