summer express , अंकुर कपूर, अंबाला। शहर के वार्ड नंबर 18 को गुरुवार को करीब 90 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। इस दौरान सेक्टर-9 स्थित पार्क में भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के पूर्व मंत्री असीम गोयल मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने विकास कार्यों का शिलान्यास करने के साथ भगवान बुद्ध की प्रतिमा का अनावरण किया।
असीम गोयल ने कहा कि भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा की स्थापना आज के समय में बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को हमारे महापुरुषों के जीवन, विचारों और उनके बताए मार्ग से परिचित होना चाहिए। इससे युवाओं में अच्छे संस्कार और सकारात्मक सोच विकसित होगी।
उन्होंने बताया कि वार्ड 18 में करीब 90 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें लगभग 40 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछाने का काम और 50 लाख रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण शामिल है। इन कार्यों से क्षेत्र के लोगों को बुनियादी सुविधाओं में बेहतर राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान सेक्टर-9 के निवासियों ने पार्क को मॉडल पार्क का दर्जा देने की मांग भी पूर्व मंत्री के सामने रखी। असीम गोयल ने उनकी मांग को स्वीकार करते हुए पार्क को मॉडल पार्क घोषित करने की घोषणा की। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी आभार जताया।
पूर्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में विश्वास रखते हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार के पास विकास कार्यों को पूरा करने के लिए नीयत और नीति दोनों मौजूद हैं और इसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
वार्ड में विकास कार्य शुरू होने और सेक्टर-9 पार्क को मॉडल पार्क बनाए जाने की घोषणा से स्थानीय निवासियों में उत्साह है। लोगों ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का स्वागत किया।