Summer express/शिमला, संजू-:शिमला में हिमाचल प्रदेश बीजेपी विधायक दल की बैठक गुरुवार को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने की। शिमला के विलीज़ पार्क में हुई इस बैठक में शुक्रवार से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर पार्टी की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बीजेपी ने सत्र के दौरान प्रदेश सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की तैयारी की है।बैठक में सबसे प्रमुख चर्चा प्रदेश में हाल ही में हुई भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान को लेकर रही। बीजेपी का कहना है कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और प्रभावित लोगों को दी जा रही सरकारी मदद को लेकर सरकार से सदन में जवाब मांगा जाएगा। पार्टी विधायक बारिश और भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़कों, पेयजल योजनाओं और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों के मुद्दे भी उठा सकते हैं।
इसके अलावा बीजेपी ने अपने विधायकों और नेताओं के खिलाफ कथित तौर पर बदले की भावना से की जा रही कार्रवाई का मुद्दा भी विधानसभा में उठाने की रणनीति बनाई है। पार्टी सरकार पर राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए इस मामले में जवाब मांग सकती है।शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की स्थिति भी बीजेपी के एजेंडे में प्रमुख रहेगी। सरकारी स्कूलों और अस्पतालों से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ प्रदेश में रोजगार के अवसर, युवाओं की समस्याएं और सरकारी भर्तियों को लेकर भी सरकार से सवाल पूछे जाने की संभावना है।बैठक में बीजेपी विधायकों को सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पार्टी का लक्ष्य है कि मानसून सत्र में जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाकर सरकार को जवाबदेह बनाया जाए। विपक्ष ने संकेत दिया है कि सत्र के दौरान विभिन्न मुद्दों पर सरकार और बीजेपी के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।