Summer express/शिमला, संजू-: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शुक्रवार से शुरू होने वाले मानसून सत्र से पहले भाजपा विधायक दल ने सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर ली है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में शिमला में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में सदन में उठाए जाने वाले विभिन्न जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.बैठक के बाद भाजपा विधायक दल के सचिव एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस वर्किंग कमेटी द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के केवल दो छंद गाने के निर्णय को लेकर भाजपा ने निंदा प्रस्ताव पारित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्णय देश की भावनाओं और राष्ट्रगीत के पूर्ण स्वरूप से जुड़ा विषय है। भाजपा ने इसे लेकर कांग्रेस पर सवाल खड़े किए हैं।
रणधीर शर्मा ने कहा कि वंदे मातरम् को लेकर संसद में कानून बनाया जा चुका है। ऐसे में केवल दो छंद गाने का फैसला संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप नहीं है। भाजपा इस मुद्दे को विधानसभा के भीतर भी प्रमुखता से उठाएगी।मानसून सत्र के दौरान भाजपा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, कानून-व्यवस्था और रोजगार जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी। भाजपा विधायक दल का कहना है कि प्रदेश में विकास कार्यों की स्थिति, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर सरकार को सदन में जवाब देना होगा।
रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सदन के भीतर सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और सरकार को जवाबदेह बनाएगी।