Summer express ,हैदराबाद | शहर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से 26 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। माधापुर इलाके में इनऑर्बिट मॉल के पास हुए हादसे में महिला की जान चली गई। पुलिस ने मामले में राज्यसभा सांसद लिंगामनेनी रमेश के 21 वर्षीय बेटे लिंगामनेनी संजुश के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त एस्टन मार्टिन कार संजुश चला रहे थे।
मृतका की पहचान भारती मुखी के रूप में हुई है। वह एक लाइफस्टाइल स्टोर में सेल्सवुमन के तौर पर काम करती थीं। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन दोपहर करीब तीन बजे भारती अपनी सहकर्मी पूजा अशोक अलोने के साथ लंच के लिए आईटीसी कोहेनूर इलाके में गई थीं। वापस लौटते समय जब भारती सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद भारती के सिर में गंभीर चोट लगी और काफी खून बहने लगा। उन्हें तुरंत उसी कार से जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी सहकर्मी ने घटना की जानकारी स्टोर मैनेजर को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
साइबराबाद पुलिस ने जांच के दौरान लिंगामनेनी संजुश की पहचान कार चालक के तौर पर की है। माधापुर के एसीपी सी. श्रीधर ने बताया कि आरोपी को नोटिस जारी किया गया है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, मामला जमानती है और इसमें अधिकतम सजा सात वर्ष से कम है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत केस दर्ज किया है। यह धारा लापरवाही या उपेक्षा के कारण मौत होने से संबंधित है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों, वाहन की गति और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
लिंगामनेनी रमेश आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की जनसेना पार्टी से राज्यसभा सांसद और कारोबारी हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।