Summer express/गुरुग्राम,अनुज पंचाल -: कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने सज्जन कुमार को रोल मॉडल बताए जाने के विवाद पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने “रोल मॉडल” शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने कहा कि न तो उनकी ऐसी कोई भावना थी और न ही हो सकती है। उनके मुताबिक, कुछ लोग भाईचारा तोड़कर राजनीति करने के लिए उनके मुंह में ऐसे शब्द डाल रहे हैं।हुड्डा ने कहा कि उनकी भावना किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की नहीं है। जो लोग उन्हें जानते हैं, वे उनकी सोच और भावनाओं से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि सिख समाज के साथ उनका हमेशा भाईचारा और पारिवारिक संबंध रहा है और वे समाज के हर संघर्ष में उनके साथ खड़े रहे हैं।उन्होंने कहा कि सिख समाज के अधिकारों की बात आई तो उन्होंने हमेशा समर्थन किया। किसान आंदोलन के दौरान 750 किसानों की शहादत पर भी उन्होंने सबसे पहले किसानों के साथ खड़े होने की बात कही। 1984 के दंगों पर हुड्डा ने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और सिख भाइयों को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस और वे पूरी तरह सिख समाज के साथ हैं।
वहीं, हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर और कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखकर दीपेंद्र हुड्डा को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) से बाहर करने की मांग की है। शर्मा ने आरोप लगाया कि सज्जन कुमार को रोल मॉडल बताए जाने से सिख समाज में नाराजगी है।उन्होंने कहा कि पंजाब और हरियाणा में रहने वाले उनके कई दोस्तों ने फोन कर इस बयान पर नाराजगी जताई है। शर्मा के अनुसार, किसान आंदोलन के बाद सिख समाज ने कांग्रेस का समर्थन किया था, लेकिन इस विवाद के बाद राजनीतिक स्थिति पर दोबारा विचार किया जा सकता है।कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की कि सिख समाज की भावनाओं को देखते हुए दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ कार्रवाई कर पार्टी अपना रुख स्पष्ट करे।