Summer express/चिंतपूर्णी, विकास-:माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में श्रावण अष्टमी मेला संपन्न होने के बाद रविवार को भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पंजाब समेत हिमाचल और अन्य राज्यों से पहुंचे 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक रही कि मंदिर परिसर के बाहर डबल लाइन होटल संतोषगढ़ तक पहुंच गई।मेले के दौरान प्रशासन की ओर से लागू की गई सुगम दर्शन व्यवस्था के बावजूद रविवार को श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से बुजुर्गों और दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाई गई लिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण अचानक बंद हो गई। लिफ्ट बंद होने से कई अक्षम श्रद्धालुओं को सीढ़ियों के रास्ते मंदिर तक पहुंचना पड़ा। इस अव्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली।
मेला समाप्त होने के बाद कुछ अस्थायी दुकानदार रविवार को ही अपना सामान समेटकर वापस लौट गए, जबकि अन्य दुकानदार सोमवार को लौटेंगे। वहीं, मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों की ओर से कुछ शिकायतें भी सामने आईं। हालांकि, सुलभ इंटरनेशनल के सफाई कर्मचारी लगातार सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे रहे।क्षेत्र की कुछ पंचायतों ने अपने अधीन आने वाले रास्तों की सफाई करवाई। इस मामले में नारी चिंतपूर्णी पंचायत की व्यवस्था बेहतर रही। इसके विपरीत गंगोट पंचायत में सफाई व्यवस्था को लेकर पूर्व प्रधान संजीव शर्मा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था में अभी और सुधार की आवश्यकता है।मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि रविवार को तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट बंद हुई थी। उन्होंने कहा कि लिफ्ट को जल्द ठीक करवाया जाएगा, ताकि आगामी दिनों में बुजुर्गों, दिव्यांगों और अन्य श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।