Summer express/फरीदाबाद,अनिल मंगला-: फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान को आसान बनाने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने जनसंवाद हेल्पलाइन की शुरुआत की है। सेक्टर-16 स्थित अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने हेल्पलाइन नंबर 7780077100 जारी किया। अब क्षेत्रवासी घर बैठे अपनी शिकायत और सुझाव मंत्री तक पहुंचा सकेंगे। शिकायत दर्ज कराते समय लोगों को अपनी समस्या के साथ वार्ड नंबर भी बताना होगा।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि जनसंवाद हेल्पलाइन का मुख्य उद्देश्य लोगों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और उनके समाधान की प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी।मंत्री ने कहा कि तकनीक के माध्यम से जनता और जनप्रतिनिधि के बीच संवाद को और मजबूत किया जा सकता है। क्षेत्र के लोगों को अब अपनी समस्या बताने के लिए कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। वे फोन के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और साथ ही क्षेत्र के विकास से जुड़े अपने सुझाव भी साझा कर सकते हैं।विपुल गोयल ने कहा कि भाजपा सरकार जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। सरकार का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक आसानी से पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना, उनका समाधान सुनिश्चित करना और फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता है।मंत्री ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे 7780077100 नंबर पर जनसंवाद हेल्पलाइन का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि शिकायत के साथ वार्ड नंबर उपलब्ध कराने से समस्या को संबंधित क्षेत्र और विभाग तक पहुंचाने में सुविधा होगी।