Summer express/शिमला: चीनी की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर हिमाचल प्रदेश किसान कांग्रेस के राज्य संयुक्त सचिव जगदीश कुमार जोगी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के चलते त्योहारों से पहले आम लोगों की रसोई पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ गया है और चीनी की मिठास अब कड़वाहट में बदल रही है।
जोगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर केंद्र सरकार से कई सवाल पूछते हुए कहा कि भारत दुनिया के प्रमुख चीनी उत्पादक और निर्यातक देशों में शामिल होने के बावजूद चीनी का भंडार नौ वर्षों के निचले स्तर तक कैसे पहुंच गया। उन्होंने सवाल किया कि ऐसी स्थिति क्यों बनी कि सरकार को चीनी का निर्यात रोकने के साथ-साथ करीब 10 लाख टन चीनी के शुल्क-मुक्त आयात का फैसला करना पड़ा।
किसान कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पिछले तीन महीनों में चीनी की कीमतों में करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम में इस महंगाई का सीधा असर आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है और इसके लिए सरकार को जवाब देना चाहिए।जोगी ने एथनॉल और ई-20 नीति को लेकर भी केंद्र सरकार से सवाल किए। उन्होंने कहा कि यदि देश में चीनी की उपलब्धता प्रभावित हो रही है और विदेशों से चीनी आयात करनी पड़ रही है, तो गन्ने और अनाज को एथनॉल उत्पादन में इस्तेमाल करने की नीति की समीक्षा क्यों नहीं की जा रही।उन्होंने कहा कि सरकार को त्योहारों से पहले चीनी की कीमतों पर नियंत्रण के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए। साथ ही ई-20 नीति के कारण खाद्य सुरक्षा और चीनी उपलब्धता पर पड़ रहे प्रभाव की व्यापक समीक्षा की जानी चाहिए। जोगी ने कहा कि सरकार को किसानों और आम उपभोक्ताओं, दोनों के हितों को ध्यान में रखकर ठोस नीति बनानी चाहिए।