Summer express, लुधियाना। डीएमसी अस्पताल के पास एंबुलेंस और ऑडी कार के बीच मामूली टक्कर के बाद विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑडी चालक डॉक्टर ने एंबुलेंस चालक के साथ हाथापाई की और उसकी चाबी निकाल ली। चाबी निकलने के बाद एंबुलेंस का इंजन और एसी बंद हो गया, जिससे उसमें मौजूद मरीज की तबीयत बिगड़ने लगी। शिकायत के आधार पर थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव उड़ांग श्री मुक्तसर साहिब निवासी अर्शदीप सिंह ने बताया कि 22 अगस्त को वह सहायक जगदीप सिंह के साथ एंबुलेंस में मरीज माया देवी को उनके घर छोड़ने जा रहा था। जब एंबुलेंस डीएमसी अस्पताल की ओर जाने वाले कट के पास पहुंची तो आगे चल रही ऑडी कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इससे एंबुलेंस कार के पीछे जा टकराई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, टक्कर मामूली थी और दोनों वाहनों को कोई खास नुकसान नहीं हुआ। इसके बावजूद ऑडी चालक और सोबती अस्पताल के डॉक्टर हरमन सोबती ने कथित तौर पर एंबुलेंस चालक से बहस शुरू कर दी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर डॉक्टर ने गाली-गलौज और हाथापाई की तथा एंबुलेंस की चाबी निकाल ली।
चाबी निकलने के बाद एंबुलेंस का इंजन बंद हो गया और साथ ही एसी भी काम करना बंद कर गया। उस समय मरीज माया देवी एंबुलेंस के अंदर मौजूद थीं। गर्मी और घुटन बढ़ने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि डॉक्टर होने के बावजूद हरमन सोबती ने मरीज की स्थिति पर ध्यान नहीं दिया।
घटना की शिकायत पुलिस को मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर आठ में डॉक्टर हरमन सोबती के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।