Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। रक्षाबंधन के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ताओं ने अंबाला शहर के विभिन्न पुलिस थानों में पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और जवानों को राखी बांधी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने समाज और राष्ट्र की सुरक्षा में पुलिसकर्मियों के योगदान के प्रति सम्मान और आभार जताया।
कार्यक्रम की शुरुआत सेक्टर-9 थाना से हुई। यहां मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार समेत पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। पुलिसकर्मियों ने भी इस आत्मीय पहल के लिए कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इसके बाद कार्यकर्ता पुराने सिविल अस्पताल के पास स्थित थाना सिटी पहुंचीं। यहां थाना प्रभारी सुनीता ढाका समेत पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान प्रकट किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और सामाजिक संगठन की कार्यकर्ताओं के बीच भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का माहौल नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने भी विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष दिनेश कांत जिंदल, जिला सह मंत्री मोहित आहलूवालिया और डॉ. मोहन गर्ग को राखी बांधी। इस अवसर पर सभी ने समाज और राष्ट्र की सेवा तथा सुरक्षा के लिए आपसी सहयोग से कार्य करने का संकल्प लिया।
रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति, महिला सुरक्षा और नारी सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने कहा कि पुलिस प्रशासन और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय से समाज की समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान किया जा सकता है। उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को मजबूत करने और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए मिलकर प्रयास करने की जरूरत बताई।
जिला मातृशक्ति संयोजिका डॉ. किरण आंगरा ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास और सहयोग मजबूत होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं को सही दिशा देने और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान चलाने में सामाजिक संगठनों की अहम भूमिका है।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को राखी बांधने का उद्देश्य यह संदेश देना है कि समाज की सुरक्षा में दिन-रात जुटे जवानों के साथ समाज भी मजबूती से खड़ा है।
इस अवसर पर डॉ. पुष्पा गर्ग, विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष दिनेश कांत जिंदल, जिला सह मंत्री मोहित आहलूवालिया, डॉ. मोहन गर्ग, डॉ. श्रुति मित्तल, प्रमिला बंसल सहित मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस और समाज के बीच सम्मान, विश्वास और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।