summer express , तरनतारन । स्थानीय बस स्टैंड के पास दोपहर पुरानी रंजिश के चलते एक 20 वर्षीय युवक की सरेआम चाकू और किरच से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात को दो सगे भाइयों ने कथित तौर पर अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। हत्या की पूरी वारदात करीब एक मिनट में हुई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव कदगिल निवासी तरसेम सिंह दाना मंडी में पल्लेदारी का काम करते हैं। उनका 20 वर्षीय बेटा जगजीत सिंह उर्फ जीत डीजे का कारोबार करता था। मृतक के पिता के मुताबिक, करीब एक महीने पहले जगजीत सिंह नरंगाबाद निवासी एक युवती को शादी के लिए अपने साथ घर से ले गया था। इसके बाद दोनों साथ रह रहे थे। इसी बात को लेकर युवती के परिवार से कथित तौर पर विवाद चल रहा था।
तरसेम सिंह ने पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे जगजीत सिंह मोटरसाइकिल से बस स्टैंड के पास कुछ खाने-पीने का सामान लेने गया था। इसी दौरान युवती के दोनों भाइयों ने कथित तौर पर उसे घेर लिया और चाकू व किरच से हमला कर दिया। आरोप है कि दोनों ने बारी-बारी से युवक पर लगातार कई वार किए। गंभीर चोट लगने से जगजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दिनदहाड़े सड़क के बीच हुई हत्या से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें युवक पर हमला किए जाने की घटना दिखाई दे रही है।
मृतक के पिता और परिवार के अन्य सदस्यों ने आरोप लगाया कि जगजीत सिंह की हत्या युवती को घर से ले जाकर शादी करने की रंजिश के कारण की गई। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
डीएसपी जसपाल सिंह ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर थाना सिटी तरनतारन में हरप्रीत सिंह और जसप्रीत सिंह, दोनों पुत्र बलवंत सिंह निवासी गांव नरंगाबाद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी जसप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच जारी है।