Summer express , अंबाला शहर (अंकुर कपूर)। अंबाला शहर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को नगर निगम की कार्यप्रणाली के विरोध में बलदेव नगर चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था, कूड़ा कलेक्शन के ठेके में कथित अनियमितताओं और स्ट्रीट लाइट के टेंडर में कथित घोटाले को लेकर नगर निगम और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में अंबाला लोकसभा सांसद वरुण मुलाना भी शामिल हुए और सरकार पर जमकर निशाना साधा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में सफाई व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। कूड़ा उठाने के ठेके में कथित तौर पर अनियमितताएं हुई हैं, जबकि स्ट्रीट लाइट से जुड़े टेंडर को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस ने इन मामलों की जांच कराने की मांग की।
सांसद वरुण मुलाना ने कहा कि कांग्रेस अंबाला के लोगों से जुड़े मुद्दों को सड़क से लेकर विधानसभा और संसद तक उठाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है। उन्होंने एनडीसी से जुड़े कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि याशी कंपनी के माध्यम से किए जा रहे काम को लेकर भी लोगों में शिकायतें हैं।
मुलाना ने कहा कि पहले हुई दिशा की बैठक में उन्होंने सुझाव दिया था कि प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाएं। इसके साथ ही लोगों की शिकायतें दर्ज कराने के लिए एक टोल फ्री नंबर जारी करने की मांग भी रखी गई थी, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मामले को लेकर भी सांसद ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने वोट चोरी के मुद्दे पर आवाज उठाई तो उनके खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया गया। मुलाना ने इसे लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास बताया।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था, कूड़ा कलेक्शन और स्ट्रीट लाइट से जुड़े मामलों की जांच नहीं कराई गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सांसद वरुण मुलाना ने कहा कि जब तक भाजपा सरकार सत्ता से बाहर नहीं होती, कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।