Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर)। अंबाला में नगर पालिका कर्मचारी संघ की हड़ताल 28वें दिन भी जारी रही। मांगें पूरी नहीं होने से नाराज कर्मचारियों ने मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार के साथ उनकी मांगों को लेकर समझौता हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक समझौते से संबंधित परिपत्र जारी नहीं किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार की ओर से लगातार उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते उन्हें हड़ताल जारी रखने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष सेवाराम बोह ने कहा कि सरकार के साथ बातचीत के बाद सहमति बनी थी, लेकिन समझौते को लागू करने के लिए आवश्यक परिपत्र अभी तक जारी नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों के मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रही है।
सेवाराम ने कहा कि जब तक सरकार समझौते के अनुसार परिपत्र जारी कर कर्मचारियों की मांगों को लागू नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द फैसला नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कर्मचारियों की हड़ताल का असर शहर की सफाई व्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। कई स्थानों पर सफाई प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द हस्तक्षेप कर मांगों का समाधान करने की अपील की है।
फिलहाल कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि सरकार ने जल्द सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो आने वाले दिनों में हड़ताल और प्रदर्शन को व्यापक रूप दिया जा सकता है।