Summer express , गुरुग्राम। सेक्टर-29 में शाम तेज रफ्तार महिंद्रा एक्सयूवी की चपेट में आने से साइकिल सवार 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा लेजर वैली पार्क के पास हुआ। टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बाबुल हुसैन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के डिगना गांव का रहने वाला था। वर्तमान में वह चक्करपुर में किराये के मकान में रह रहा था और गुरुग्राम की एक कंपनी में पार्ट टाइम काम करता था।
जानकारी के मुताबिक, बाबुल शाम करीब चार बजे साइकिल से सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली पार्क के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रही महिंद्रा एक्सयूवी ने उसकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाबुल सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान रात में उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है। मृतक के स्वजन की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।