Summer express ,सुंदर कुंडू , पलवल | पलवल में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सड़क किनारे खड़े ट्रक से श्रद्धालुओं से भरी पिकअप की टक्कर के मामले में शराब ठेका संचालक के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित शराब ठेके को सील कर दिया है। हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हुई है, जबकि 15 लोग घायल बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सुबह धार्मिक यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप केएमपी एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार छह लोगों की जान चली गई और 15 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया गया है कि मैनपुरी जिले के किशनपुर, मकोया, चांदा, हवीलिया और आसपास के गांवों के श्रद्धालु शुक्रवार को धार्मिक यात्रा के लिए पिकअप से निकले थे। उनके साथ फिरोजाबाद के कुछ रिश्तेदार भी शामिल थे। राजस्थान में गोगामेड़ी, खाटू श्याम और बालाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद सभी श्रद्धालु सोमवार शाम वृंदावन के लिए रवाना हुए थे।
हादसे वाली जगह पर शराब ठेके के साथ अवैध आहता संचालित होने का भी आरोप है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, शराब खरीदने के लिए लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते थे, जिससे हादसे का खतरा बना रहता था।
मृतक विजय के बेटे विनीत कुमार ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक शराब लेने के लिए अपना वाहन सड़क किनारे खड़ा कर गया था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप ट्रक में जा घुसी। उन्होंने हादसे के लिए ट्रक चालक और शराब ठेका संचालक को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की।
परिजनों और स्थानीय लोगों के आरोपों के बाद पुलिस ने मामले में शराब ठेका संचालक को भी आरोपी बनाया है। पुलिस ने ठेके को सील कर दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग और वहां संचालित अवैध गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।