Summer express, कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी कॉलेज (आईआईएचएस) की कैंटीन में बुधवार को दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान चाकू चलने से दो युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान फतूपुर गांव निवासी इस्लाम खान और प्रतीक के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रतीक का एलएनजेपी अस्पताल की इमरजेंसी में इलाज चल रहा है, जबकि इस्लाम खान को अग्रवाल नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
घायल प्रतीक ने बताया कि वह अपने दोस्त जतीन को लेने के लिए यूनिवर्सिटी कॉलेज पहुंचा था। जतीन अमीन गांव का रहने वाला है और यूनिवर्सिटी कॉलेज में बीबीए की पढ़ाई कर रहा है। प्रतीक के अनुसार, जतीन उसकी दुकान पर काम करता है। जब वह उसे लेने कॉलेज पहुंचा तो कैंटीन में कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था।
प्रतीक का आरोप है कि वह विवाद के दौरान वहां मौजूद था, तभी किसी व्यक्ति ने पीछे से उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गया। घटना के दौरान फतूपुर निवासी इस्लाम खान भी चाकू लगने से घायल हुआ। दोनों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कैंटीन में विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था और चाकूबाजी की घटना में शामिल दूसरे पक्ष के लोग कौन थे। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
बताया गया है कि फतूपुर गांव कुरुक्षेत्र क्षेत्र में ही आता है और अमीन गांव से करीब दो से ढाई किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। घटना के संबंध में अभी तक दोनों पक्षों की ओर से केयूके थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।