summer express , वाशिंगटन । अमेरिका के मिनेसोटा राज्य के मिनियापोलिस शहर में बुधवार शाम अंधाधुंध गोलीबारी की घटना से दहशत फैल गई। इस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो पुलिस अधिकारियों समेत पांच अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हेनेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर में गोलीबारी के बाद कुल छह लोगों को भर्ती कराया गया था। इनमें से एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, घायलों में दो पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं।
घटना के बाद पुलिस ने लोगों से मिनियापोलिस के 15 ईस्ट ग्रांट स्ट्रीट के आसपास जाने से बचने की अपील की है। बुधवार शाम करीब 5:45 बजे स्थानीय समय के अनुसार हुई गोलीबारी के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और दर्जनों पुलिस वाहनों ने क्षेत्र को घेर लिया।
जिस इलाके में गोलीबारी हुई, उसके आसपास अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स, मिनियापोलिस कन्वेंशन सेंटर, कई होटल और एक अस्पताल स्थित हैं। सुरक्षा कारणों को देखते हुए नजदीक स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ सेंट थॉमस के मिनियापोलिस कैंपस में भी तत्काल लॉकडाउन लागू कर दिया गया।
मिनेसोटा के गवर्नर टिम वाल्ज ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य की सार्वजनिक सुरक्षा टीम हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कानून प्रवर्तन एजेंसियों और मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाया जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए संघीय जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। ब्यूरो ऑफ अल्कोहल, टोबैको, फायरआर्म्स एंड एक्सप्लोसिव्स (एटीएफ) ने बताया कि सक्रिय शूटर की सूचना मिलने के बाद उसके विशेष एजेंट मौके पर पहुंच गए हैं।
वहीं, एफबीआई के निदेशक कश पटेल ने बताया कि एजेंसी स्थानीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों के संपर्क में है और जांच व सुरक्षा अभियान में हर आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। फिलहाल गोलीबारी की वजह और हमलावर से जुड़ी अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है।