Summer express, जींद। इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला की ओर से शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा को लेकर की गई टिप्पणी के बाद हरियाणा में राजनीतिक और सामाजिक माहौल गरमा गया है। अभय चौटाला ने अपने बयान में महिपाल ढांडा को जाट समाज पर कलंक बताया था। इस टिप्पणी पर ढांडा खाप ने कड़ी नाराजगी जताते हुए महिपाल ढांडा के समर्थन में मोर्चा संभाल लिया है।
ढांडा खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवव्रत ढांडा ने अभय चौटाला के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि महिपाल ढांडा उनके भाई हैं और उनके सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिपाल ढांडा जाट समाज के गौरव हैं और 36 बिरादरी के नेता के तौर पर अपनी पहचान रखते हैं।
देवव्रत ढांडा ने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल और नेता को अपनी बात रखने का अधिकार है। राजनीतिक विचारों और नीतियों को लेकर विरोध भी लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन राजनीतिक मतभेदों को व्यक्तिगत टिप्पणियों तक ले जाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि अभय चौटाला की टिप्पणी से समाज के लोगों में नाराजगी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ढांडा खाप महिपाल ढांडा के सम्मान और प्रतिष्ठा के साथ मजबूती से खड़ी है। देवव्रत ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ व्यक्तिगत स्तर पर की गई टिप्पणी को स्वीकार नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर खाप सामाजिक व राजनीतिक मंचों पर इसका विरोध जारी रखेगी।
देवव्रत ढांडा ने अभय चौटाला से उनके बयान पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में नेताओं को बयान देते समय सामाजिक मर्यादा और आपसी सम्मान का ध्यान रखना चाहिए।
अभय चौटाला की टिप्पणी के बाद अब यह मुद्दा राजनीतिक गलियारों से निकलकर सामाजिक स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है। ढांडा खाप के रुख के बाद आने वाले दिनों में इस विवाद को लेकर सियासी बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।