गुरशरण सिंह | मोहाली
समर न्यूज
मोहाली के फेज-5 स्थित श्री हरि संकीर्तन मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धा और उत्साह से भरे माहौल में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में पंजाब के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू और पंजाब प्रदेश कांग्रेस महिला अध्यक्ष एवं एमसी पार्षद बलजीत कौर ने विशेष रूप से शिरकत की। मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने दोनों अतिथियों का स्वागत किया और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान प्रसिद्ध भजन गायिका विद्या सखी और उनकी टीम ने भगवान श्री कृष्ण के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। देर रात तक मंदिर परिसर भजन-कीर्तन और जयकारों से गूंजता रहा।
भगवान श्री कृष्ण के जन्म का समय आते ही पूरा पंडाल “नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” और “जय श्री कृष्ण” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री कृष्ण के प्राकट्य उत्सव को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया।
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष महेश चंद्र मनन और उनकी टीम की देखरेख में मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित शंकर शास्त्री और अन्य पुजारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना करवाई।