Summer express, लुधियाना | लुधियाना में चोरों ने पीआरटीसी की एक टॉप मॉडल बस को ही निशाना बना दिया। बस स्टैंड डिपो के सामने पार्किंग में खड़ी बस को आरोपी रात के समय चोरी कर ले गए। अगले दिन बस शहर से करीब 21 किलोमीटर दूर ढट्ट गांव के पास बरामद हुई। चोर बस को ईंटों के सहारे खड़ा कर उसके चारों टायर, दोनों बैटरियां और अन्य कीमती सामान निकालकर फरार हो गए। पूरी वारदात पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे एक बोलेरो पिकअप पार्किंग के पास आकर रुकी। इसमें सात से आठ लोग सवार थे। आरोपियों ने करीब दो घंटे तक मौके पर रुककर पार्किंग और आसपास के क्षेत्र की रेकी की। इसके बाद उन्होंने बस के स्टार्टिंग सिस्टम की तारें तोड़ दीं और वायरिंग के जरिए बस को डायरेक्ट स्टार्ट कर दिया। चालक के मुताबिक, बस को इस तरीके से स्टार्ट करने के लिए उसकी तकनीकी जानकारी होना जरूरी है।
अगली सुबह करीब 7:30 बजे जब चालक ड्यूटी पर पहुंचा तो पार्किंग से बस गायब मिली। इसके बाद बस की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान बस चौकीमान टोल प्लाजा से करीब दो किलोमीटर पीछे ढट्ट गांव के पास खड़ी मिली। चोरों ने बस को ईंटों के ऊपर खड़ा किया हुआ था और उसके टायर व दोनों बैटरियां निकाल ली थीं।
आरोपियों ने वारदात के दौरान सबूत मिटाने की भी कोशिश की। उन्होंने बस में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़कर अपने साथ ले लिया। प्रारंभिक जांच में बस से करीब सात से आठ लाख रुपये का सामान चोरी होने की बात सामने आई है।
वारदात की सूचना मिलने के बाद पीआरटीसी स्टाफ थाना नंबर पांच पहुंचा और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो उसमें बोलेरो पिकअप दिखाई दी। पुलिस के अनुसार, फुटेज के आधार पर वाहन का नंबर भी सामने आ गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।