चन्नी बोले- यह खरगे नहीं, संविधान और दलित समाज का अपमान; कार्रवाई की मांग
समर न्यूज | जालंधर
हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर जालंधर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि यह घटना केवल खरगे का अपमान नहीं, बल्कि संविधान और दलित समाज का अपमान है।
उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में आठ अगस्त को खरगे की सभा के बाद कुछ लोगों ने रामलीला मैदान में हवन कर मंच का ‘शुद्धिकरण’ किया। कांग्रेस ने इसे जातिगत भेदभाव से जोड़ते हुए आपत्ति जताई है। भाजपा ने हालांकि इस आयोजन से किसी तरह का संबंध होने से इनकार किया है और मामले की जांच की बात कही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऐसे मामलों में प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कानून के तहत कार्रवाई करनी चाहिए। पार्टी इस मुद्दे को लेकर उत्तराखंड सरकार के खिलाफ राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर विरोध जारी रखने की तैयारी में है।