summer express , सोनीपत। गन्नौर क्षेत्र में अगवानपुर रोड पर मामूली कहासुनी के बाद एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने कथित तौर पर भारी पत्थर से व्यक्ति के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान गांव भोगीपुर निवासी करीब 60 वर्षीय जयपाल राठी के रूप में हुई है।
जयपाल राठी वन विभाग में जिला वन अधिकारी (DFO) के पद से करीब दो वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह किसी निजी काम से गन्नौर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अगवानपुर रोड पर किसी बात को लेकर उनकी एक राहगीर से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर जयपाल राठी के सिर पर वार कर दिया।
सिर पर गंभीर चोट लगने से जयपाल राठी बुरी तरह घायल हो गए और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद राहगीरों ने उसे घेर लिया और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
सेवानिवृत्ति के बाद जयपाल राठी गन्नौर-पांची रोड पर ‘राठी फार्म हाउस, गार्डन एवं नर्सरी’ का संचालन कर रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में उनकी पहचान मिलनसार और सम्मानित व्यक्ति के रूप में थी। उनकी हत्या की खबर फैलते ही परिवार में मातम छा गया और इलाके के लोगों में भी शोक और रोष का माहौल है।
मृतक के बेटे मंजीत की शिकायत के आधार पर गन्नौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका स्पष्ट खुलासा आरोपी से पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।