summer express , अंकुर कपूर, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी, जनसेवा और विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।
डॉ. अर्चना गुप्ता के अनुसार, अभियान के तहत प्रदेश में विभिन्न सामाजिक, जनसेवा और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को दीप प्रज्वलन के साथ अभियान की शुरुआत होगी। इस दौरान योजनाओं के लाभार्थियों के घर आभार का दीप जलाने के साथ रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि जनसेवा को अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से जोड़ा जा सके।
‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में 25 वर्षों की सेवा यात्रा और विकसित भारत विषय पर चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बच्चों की ओर से तैयार चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम के माध्यम से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक गांव-गांव नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। 25 से 30 मिनट के इन नाटकों के जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवा कार्यों और पिछले 25 वर्षों में हुए बदलावों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर तीन दिन के कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। साथ ही माताओं से संवाद कर पोषण, स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की सरल जानकारी दी जाएगी।
‘कहानी बदलाव की’ अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलाव की वास्तविक वीडियो कहानियां तैयार की जाएंगी। प्रत्येक शक्ति केंद्र से कम से कम 10 रील तैयार करने और जिलावार डिजिटल संग्रह बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के दौरान ‘वडनगर से वाराणसी’ कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा यात्रा तथा देश और प्रदेश के परिवर्तनकारी स्थलों की विकास कहानियां जनता तक पहुंचाई जाएंगी। वहीं, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत गांवों और जिलों की विभिन्न दिशाओं से जनभागीदारी यात्राएं निकाली जाएंगी। यात्रा के समापन पर उपलब्धियों पर संवाद और विकसित भारत 2047 के संकल्प का कार्यक्रम होगा।
‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत प्रत्येक नागरिक को 25 निर्धारित सेवा गतिविधियों में से किसी एक से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर ऐसा स्थायी बदलाव लाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे लोग लंबे समय तक महसूस कर सकें।
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में सहायता और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
अभियान में ‘सेवा रंग’ कार्यक्रम भी शामिल है। इसके तहत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सरकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत की थीम पर मानव रंगोली बनाई जाएगी। कार्यक्रमों की ड्रोन रिकॉर्डिंग के साथ डिजिटल माध्यम से जनभागीदारी को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप और नवाचार से जुड़े लोगों के लिए ‘हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित किए जाएंगे। अभियान अवधि के दौरान पांच क्षेत्रीय मंचों पर प्रतिभागियों को अपने समाधान प्रस्तुत करने, नवाचार प्रदर्शित करने और विशेषज्ञों के साथ संवाद करने का अवसर मिलेगा।
अभियान का समापन 17 अक्टूबर 2026 को ‘जनसेवक महाकुंभ’ के साथ प्रस्तावित है। इसमें पंचायत से संसद तक करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की योजना है। कार्यक्रम में 25 वर्षों की सेवा यात्रा को सामने रखने के साथ वंदे मातरम्, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन और विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प का कार्यक्रम होगा।