summer express , बलिंदर कुमार , कैथल। कांग्रेस कमेटी कैथल के जिलाध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, कर्नाटक कांग्रेस कमेटी के प्रभारी और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात कांग्रेस कमेटी का प्रभारी बनाए जाने पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने इस निर्णय के लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस हाईकमान का आभार व्यक्त किया।
नई अनाज मंडी ढांड स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रामचंद्र गुर्जर ने कहा कि रणदीप सिंह सुरजेवाला की राजनीतिक समझ, संगठनात्मक क्षमता, कार्यकुशलता और पार्टी के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें गुजरात जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि सुरजेवाला लंबे समय से कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
रामचंद्र गुर्जर ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और पार्टी की सरकार बनाने में रणदीप सिंह सुरजेवाला की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके अनुभव और संगठनात्मक रणनीति का लाभ अब गुजरात में भी पार्टी को मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि सुरजेवाला के नेतृत्व में गुजरात में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और कांग्रेस आगामी समय में गुजरात में मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुरजेवाला की रणनीति और मेहनत से गुजरात में कांग्रेस को सफलता मिलेगी।