Summer express/कुल्लू, मनमिंदर अरोड़ा -:जिला कुल्लू में सांसद निधि के तहत चल रहे विकास कार्यों में करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं। शेष कार्यों को भी जल्द पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। यह बात मंडी संसदीय क्षेत्र की सांसद कंगना रनौत ने सोमवार को ढालपुर स्थित बचत भवन में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सांसद को जिले में केंद्र प्रायोजित योजनाओं और सांसद निधि से करवाए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति से अवगत करवाया। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित कार्यों में से अधिकांश पूरे हो चुके हैं, जबकि बाकी कार्य भी अंतिम चरण में हैं।
कंगना रनौत ने कार्यों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि जिले में भविष्य में केंद्र सरकार की अन्य विकास योजनाओं को भी प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।सांसद ने कहा कि अधिकांश अधिकारी बेहतर कार्य कर रहे हैं, लेकिन कुछ अधिकारियों की कार्यप्रणाली अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। ऐसे अधिकारियों को कार्य में सुधार और योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।कंगना ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कांग्रेस सरकार पर अधिक कर्ज लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को लगातार सहयोग दे रही है। केंद्र प्रायोजित योजनाओं की वह स्वयं निगरानी कर रही हैं और समय-समय पर अधिकारियों से इनकी प्रगति की जानकारी भी ली जा रही है।