Summer express , रोहतक। जिले के गांव मदीना में सोमवार सुबह रेडियो स्टेशन के पीछे झाड़ियों में एक युवक का जली हुई हालत में शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना बहुअकबरपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, शव की हालत को देखते हुए युवक की उम्र करीब 25 वर्ष होने का अनुमान है। घटनास्थल पर युवक के मुंह से खून निकलता हुआ भी मिला। परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद शव को गांव मदीना में झाड़ियों के पास लाकर फेंका गया और पहचान छिपाने के लिए आग लगा दी गई। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका सामने आई है कि शव को जलाने के लिए किसी ज्वलनशील केमिकल का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। आग लगाए जाने के बावजूद शव पूरी तरह नहीं जल पाया। पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत घटनास्थल पर हुई या उसे कहीं और मारने के बाद शव यहां लाकर फेंका गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक साइंस एक्सपर्ट (FSL) टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि युवक की पहचान और घटनाक्रम से जुड़े सुराग मिल सकें।
थाना बहुअकबरपुर प्रभारी जसबीर ने बताया कि रेडियो स्टेशन के पीछे जली हुई हालत में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।