summer express , चंडीगढ़। पंजाबी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मंजीत कौर के अपहरण और हत्या के मामले में चंडीगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने मुख्य आरोपित रिंकू के करीबी साथी परमिंदर सिंह उर्फ पिंदा (25) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित को वारदात में इस्तेमाल की गई रिंकू की फॉर्च्यूनर कार के साथ सेक्टर-48 स्थित मोटर मार्केट से पकड़ा।
गिरफ्तार परमिंदर सिंह उर्फ पिंदा पंजाब के कपूरथला जिले के खानोवाल गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह खरड़ में इमिग्रेशन का काम करता था, लेकिन घटना से कुछ दिन पहले वह मुख्य आरोपित रिंकू के लिए ड्राइवर के तौर पर काम करने लगा था। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच दोस्ती भी थी और मंजीत कौर को सेक्टर-34 बुलाने तथा कथित तौर पर अगवा करने के दौरान परमिंदर भी रिंकू के साथ मौजूद था।
पुलिस आरोपित को बुधवार को अदालत में पेश करेगी और पूछताछ के लिए उसका पुलिस रिमांड लेने की मांग करेगी। वहीं, मामले का मुख्य आरोपित रिंकू अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
मंजीत कौर की मां कांता देवी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को उसके परिचित रिंकू और पिंदा ने फोन कर सेक्टर-34 बुलाया था। आरोप के अनुसार, 3 और 4 जुलाई की रात दोनों ने मंजीत कौर के साथ कथित रूप से मारपीट की और उसे कार में बैठाकर अगवा कर लिया।
इसके बाद आरोपित उसे मोरिंडा के जंगल क्षेत्र में ले गए। पुलिस जांच के अनुसार, वहां मंजीत कौर को एक पेड़ से बांधकर आग लगा दी गई और दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए। इसी दौरान मंजीत का एक परिचित व्यक्ति मौके पर पहुंचा और कंबल की मदद से आग बुझाई।
गंभीर रूप से झुलसी मंजीत कौर को तत्काल मोरिंडा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। बाद में उसे मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ दिनों तक उसका उपचार चला। हालत में सुधार न होने पर उसे दोबारा पीजीआई भेजा गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस अब गिरफ्तार परमिंदर सिंह से पूछताछ कर वारदात की पूरी साजिश और घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है। जांच अधिकारी यह भी पता लगाने का प्रयास करेंगे कि अपहरण और हत्या की घटना में परमिंदर की भूमिका कितनी थी और वारदात के बाद मुख्य आरोपित रिंकू कहां-कहां गया। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही इस सनसनीखेज मामले से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है।