summer express , मनीला। पश्चिमी फिलीपींस के समुद्री क्षेत्र में एक यात्री फेरी में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 87 लोग लापता बताए जा रहे हैं। फिलीपींस कोस्ट गार्ड के मुताबिक, अब तक 42 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है और राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
कोस्ट गार्ड की प्रवक्ता कमोडोर नोमी कायाब्याब ने एक रेडियो इंटरव्यू में बताया कि बचाव अभियान जारी होने के कारण लापता लोगों की संख्या में बदलाव हो सकता है। हादसे के समय फेरी पर कुल 134 लोग सवार थे, जिनमें 117 यात्री और 17 चालक दल के सदस्य शामिल थे।
‘MV जून एस्टर’ नाम की यह फेरी मनीला से रवाना हुई थी। जब इसमें आग लगी, उस समय यह पलावन प्रांत के कोरोन के पास समुद्री क्षेत्र में थी। आग लगने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कोस्ट गार्ड की टीम ने तत्काल राहत अभियान शुरू करते हुए यात्रियों को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराए। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में फेरी को आग की लपटों से घिरा देखा गया, जबकि बचावकर्मी समुद्र में मौजूद लोगों तक लाइफ जैकेट पहुंचाते नजर आए। छोटी नावों की मदद से कई लोगों को सुरक्षित निकालकर कम गहरे पानी वाले क्षेत्र तक पहुंचाया गया।
फिलीपींस में बड़ी संख्या में द्वीप होने के कारण फेरी समुद्री परिवहन का प्रमुख साधन है। हालांकि, देश में समय-समय पर समुद्री हादसे सामने आते रहे हैं। खराब मौसम और तूफान के अलावा नावों के रखरखाव में लापरवाही, क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना और सुरक्षा नियमों का प्रभावी ढंग से पालन नहीं होना ऐसे हादसों की प्रमुख वजहों में शामिल रहे हैं। दूरदराज के इलाकों में सुरक्षा मानकों को लागू करने में आने वाली चुनौतियां भी चिंता का विषय बनी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता लापता लोगों की तलाश और अधिक से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना है।